हरदोई। कोहरे के कारण मुरादाबाद मंडल की हरदोई से होकर गुजरने वाली छह जोड़ी ट्रेनों के फेरे कम कर दिए गए हैं। प्रतिदिन संचालित होने वाली छह जोड़ी ट्रेनें दिसंबर से फरवरी तक आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी। इन ट्रेनों में आरक्षण कराने वालों को मायूस होना पड़ेगा।
रेलवे में भले ही आधुनिक पद्धति से ट्रेन संचालित करने का दावा करता है, लेकिन कोहरे के आगे आज भी ट्रेन का संचालन बेपटरी ही है। कोहरे में दृश्यता कम हो जाने की वजह से ट्रेनें समय से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इस बार भी लखनऊ-मुरादाबाद रेल खंड पर रेल प्रशासन ने कोहरे के चलते हरदोई ठहरने वाली छह जोड़ा ट्रेनों को तीन माह तक के लिए आंशिक रूप से निरस्त कर दिया। रोजाना संचालित होने वाली ट्रेनों के फेरे एक दिसंबर से फरवरी तक के लिए कम कर दिए गए। रेलवे वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने ट्रेनों के निरस्त से संबंधित निर्देश जिले के अधिकारियों के पास भेज दिए हैं।
इन ट्रेनों के कम किए गए फेरे
हरदोई। हावड़ा से काठ गोदाम के बीच चलने वाली ट्रेन दिसंबर, जनवरी और फरवरी में ट्रेन संख्या 13019 प्रत्येक माह के रविवार और 13020 तीनों माह में प्रत्येक मंगलवार को निरस्त रहेगी। अवध आसाम एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15909 प्रत्येक शनिवार और 15910 प्रत्येक मंगलवार को निरस्त रहेगी। बनारस देहरादून जनता एक्सप्रेस दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह में एक दिन छोड़ कर संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15119 माह में मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को और 15120 माह में रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को निरस्त रहेगी। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 15127 माह के प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार और 15128 माह के बुधवार और शनिवार को निरस्त रहेगी। टनकपुर से सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15074 प्रत्येक बुधवार को और 15075 प्रत्येक बृहस्पतिवार को निरस्त रहेगी। जबकि बरेली से चलकर सिंगरौली जाने वाली 15076 मंगलवार व शनिवार और 15077 बुधवार व रविवार को निरस्त रहेगी।
दो माह पहले दी गई सूचना
हरदोई। ट्रेनों के आंशिक रूप से निरस्त करने के संबंध में रेलवे ने इस बार दो माह पहले ही सूचना जारी की है, जिससे लोग इन ट्रेनों में बुकिंग करने से पहले तिथियों को देख लें। हालांकि, इसके बाद भी जिन यात्रियों ने पहले से बुकिंग कर रखी है, उन्हें टिकट का पूरा रिफंड कर दिया जाएगा।