हरदोई। बीते बृहस्पतिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक अपने कार्याें का ब्योरा ही सही ढंग से नहीं पेश कर पाए। विभिन्न योजनाओं के जो आंकड़े बैठक में रखे, उन पर डीएम ने नाराजगी जताई। अब दोनों सीएचसी के अधीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम अनुनय झा विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को भी उन्होंने समीक्षा की थी। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि पिछले माह हुई बैठक में डीएम ने अहिरोरी और बेहंदर के सीएचसी अधीक्षक को अपने कार्याें का प्रेजेंटेशन देने को कहा था। इस बार की बैठक में प्रेजेंटेशन तो दिया लेकिन यह संतोषजनक नहीं था। इसके अलावा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीजों के चिंहीकरण समेत कई योजनाओं की प्रगति भी खराब थी। इसी के कारण अहिरोरी सीएचसी के अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन और बेहंदर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. डीपी भारती को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश डीएम ने दिए हैं।