संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। चकबंदीकर्ताओं को एसीपी (एश्योर्ड कॅरिअर प्रोग्रेशन) का लाभ देने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में जिलाधिकारी ने आरोपी लिपिक और रिश्वत देने वाले 12 चकबंदीकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। चकबंदीकर्ता संघ के महामंत्री सतीश कुमार सिंधु ने प्रमुख सचिव राजस्व से शिकायत की थी।
शिकायत में बताया गया था कि हरदोई में तैनात चकबंदीकर्ताओं से एसीपी का लाभ दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत न देने वाले चकबंदीकर्ताओं को लाभ नहीं दिया जा रहा था।
जिलाधिकारी ने जांच कराई। जांच में पता चला कि 12 चकबंदीकर्ताओं से प्रति व्यक्ति चार-चार हजार रुपये के हिसाब से कुल 48 हजार रुपये की रिश्वत ली गई थी। उपसंचालक चकबंदी ने अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी के माध्यम से जिलाधिकारी को जांच रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट में रिश्वत लेने वाले लिपिक के साथ-साथ रिश्वत देने वाले 12 चकबंदीकर्ताओं को भी दोषी ठहराया गया था।
इस आधार पर, जिलाधिकारी ने विभागीय कनिष्ठ लिपिक सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 12 चकबंदीकर्ताओं और एक कनिष्ठ सहायक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपसंचालक चकबंदी को निर्देश दिए हैं कि इन व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी कर उसकी सूचना अविलंब उपलब्ध कराएं।