फोटो-10-गोली लगने से घायल कौशल को ले जाते पुलिसकर्मी। स्रोत मीडिया सेल
हरदोई। मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का प्रयास करने का आरोपी मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल हो गया। पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी पर पुलिस ने सोमवार को ही 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बच्ची (8) गांव की ही बच्ची (8) के साथ बकरी चराने रविवार दोपहर गई थी। साथ गई बच्ची शाम को वापस आ गई थी लेकिन दूसरी बच्ची नहीं आई थी। रविवार देर शाम बच्ची के वापस न आने पर परिजनों ने साथ गई बच्ची से पूछताछ की। बच्ची ने बताया कि गांव का ही बीपी उर्फ कौशल रास्ते में मिला था। 10 रुपये देने की बात कहकर बच्ची और उसकी बकरी को अपने साथ ले गया।
परिजनों ने रविवार रात पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि मुखबिर से सोमवार आधीरात के बाद जानकारी मिली थी कि आरोपी परेली दमगढ़ा मार्ग पर जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में कौशल के दायें पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। दावा है कि उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है।
इस पुलिस टीम से हुई आरोपी की मुठभेड़
पाली थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार, महिला उपनिरीक्षक आकांष्का सिंह, उपनिरीक्षक जयनारायण मिश्रा, अतुल शर्मा और विक्रांत चौधरी, दीवान ब्रजेंद्र सिंह और अंबुज तिवारी, सिपाही गुरजीत सिंह, चंद्र कुमार और तेजवीर आदि टीम में शामिल रहे।