मल्लावां (हरदोई)। ट्रक की टक्कर से शुक्रवार की शाम वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पौत्र छिटककर दूर जा गिरा। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। उन्नाव जिले के थाना फतेहपुर चौरासी के गांव मुन्नीखेड़ा निवासी साहबलाल (65) अपने पौत्र विवेक (20) केे साथ शुक्रवार को मल्लावां क्षेत्र के गांव राजेपुर मामा घर आए थे। शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
बिल्हौर मार्ग पर गुलबहा मोड़ पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे साहबलाल की मौके पर ही मौत हो गई। विवेक बाइक से उछलकर दूर जा गिरा, उसे चोट नहीं आई। लोगों की सूचना पर कोतवाल सुजीत कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। भाई शिवकुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।