भरावन। अतरौली-भटपुर मार्ग पर बाइक को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
थाना संडीला के ग्राम जैसुखेड़ा मजरा गदौरा निवासी राजेंद्र (25) सोमवार की दोपहर बाइक से अतरौली के ग्राम जगदीशपुर निवासी बहन दयावती के घर जा रहा था। रास्ते में अतरौली भटपुर मार्ग पर बाड़ील बाबा के स्थान के पास उसकी बाइक में सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों के अनुसार वह हेलमेट नहीं लगाए था। चालक कार छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए। पिता रामगोपाल ने बताया कि राजेंद्र विवाहित था। उसके छह माह का एक बेटा है। वह खेती करता था। एसओ अतरौली संजीव शर्मा ने बताया कि चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।