हरदोई। माधौगंज-बघौली मार्ग पर गुरुवार शाम साइकिल सवार किसान को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। कुछ देर बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घर पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धनीगंज निवासी मुनेश्वर (62) खेती करते थे। गुरुवार की शाम वे साइकिल से दवा लेने के लिए पहुंतेरा तिराहे गए थे। वहां से दवा लेकर घर लौट रहे थे। बघौली-माधौगंज मार्ग पर गांव के निकट ही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना में मुनेश्वर घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, यहां हालत ठीक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मुनेश्वर को छुट्टी दे दी गई, लेकिन देर शाम घर पहुंचते ही मुनेश्वर की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। मुनेश्वर के परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। शुक्रवार को परिजनों की सूचना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।