बघौली (हरदोई)। दोस्त की साली की शादी में शामिल होने बघौली के ग्राम संतरी खुर्द आए युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीतापुर जनपद के मिश्रिख थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी निवासी महेंद्र राठौर (22) शुक्रवार की रात अपने दोस्त अमर सिंह की साली की शादी में शामिल होने के लिए बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम संतरी खुर्द आया था। ग्रामीणों के मुताबिक देर रात महेंद्र गांव के बाहर रेलवे ट्रैक किनारे पहुंच गया। जहां ट्रैक पार करते वक्त वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बदहवास परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि महेंद्र अविवाहित था। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।