हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनुपस्थित रहने वाले 110 परीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति परिषद से की गई है। परीक्षकों की कमी के कारण भौतिक और रसायन विज्ञान की कापियों का मूल्यांकन कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, हाई स्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पचास फीसदी पूरा कर लिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए राजकीय इंटर कालेज विद्यालय को इंटर का मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन केंद्र पर 39 हजार भौतिक विज्ञान की कापियों के मूल्यांकन के लिए 75 और 36 हजार रसायन विज्ञान की कापियों के मूल्यांकन के लिए 75 परीक्षक लगाए गए थे। मगर मूल्यांकन केंद्र पर भौतिक विज्ञान के 75 मेें 21 और रसायन विज्ञान में 75 में 19 परीक्षक ही उपस्थित हुए। इससे कापियों का मूल्यांकन कार्य प्रभावित हो रहा है।
उपनियंत्रक योगेश कुमार ने भौतिक विज्ञान के अनुपस्थित 54 और रसायन विज्ञान के अनुपस्थित 56 परीक्षकाें खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। इस संबंध में डीआईओएस सहित आला अधिकारियों को समस्या से अवगत कराते हुए कापियों का मूल्यांकन समय से पूरा करने के लिए दिशा निर्देश मांगे हैं। केेंद्र पर सहयोगी न मिलने पर परीक्षकों को स्वयं ही बंडल सिलने से लेकर पहुंचाने तक का कार्य करना पड़ रहा है। वहीं, केंद्र पर अब तक आवंटित विभिन्न विषयों की दो लाख एक हजार कापियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। आरआर इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर 70 फीसदी कापियों का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। वहीं, एसडी इंटर कालेज में 51 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है।