हरदोई। दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में जिला कारागार में बंद सपा नेता अब्दुल्ला आजम से कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल की मुलाकात नहीं हो सकी। कांग्रेसी नेताओं ने कहा है कि आजम खां के परिवार पर भाजपा सरकार फर्जी मामले दर्ज करा रही है। कांग्रेस ने दावा किया कि समय बदलेगा और अन्याय का अंत होगा। आजम और उनके परिवार के लिए संघर्ष करने की बात भी कांग्रेस ने कही।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष सिंह सोमवंशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जिला कारागार के बाहर पहुंचा। आशीष सिंह का दावा है कि अब्दुल्ला आजम से मिलने के संबंध में औपचारिक पत्र भी भेजा गया था, लेकिन इसका संज्ञान नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलाकात पर सुनियोजित ढंग से प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान कांंग्रेस नेता सुभाष पाल, विक्रम पांडेय, जमील अहमद अंसारी, नेतम भारतीय, अनुपम दीक्षित, निर्भान सिंह यादव आदि मौजूद रहे। वहीं, जेल प्रशासन का कहना है कि अब्दुल्ला आजम की ओर से ही उन्हें सूची उपलब्ध कराई गई है। इसमें उनके नाम है जिनसे वह मुलाकात करेंगे। इस सूची में जो नाम हैं उन्हें ही मिलवाया जाएगा।