हरदोई। सांडी कस्बे से सटे रानी के बाग में मंगलवार की रात बाग की रखवाली कर रहे युवक की हत्या के नामजद आरोपियों को दूसरे दिन भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, पुलिस की सुस्त कार्यशैली से परिजनों में आक्रोश है। सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी रामऔतार उर्फ बड़कू (40) मजदूर था।
वह कस्बे से सटे रानी के बाग मेें आम की फसल की रखवाली करता था और बाग में ही रहता था। मंगलवार की रात ईंटों से सिर कूंचकर उसकी हत्या कर दी गई। बुुधवार को सुबह बाग में जमीन पर उसका शव पड़ा मिला था।
मृतक के बहनोई रामरतन ने मोहल्ले के राजीव और मनोज पर हत्या का आरोप लगा तहरीर दी थी, लेकिन हत्या करने की वजह नहीं स्पष्ट हो सकी थी, जबकि अवैध संबंधों को लेकर हत्या की चर्चाएं हैं।
पुलिस ने देर रात दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। दूसरे दिन भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी करने में पुलिस नाकाम रही।
उधर, बृहस्पतिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसओ बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
सिर पर वारकर की थी हत्या
रामऔतार की हत्या की गुत्थी अभी उलझी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो चोट के निशान मिले हैं, वहीं सिर पर चोट का एक गहरा निशान मिला है। जिससे सिर में चोट लगने से मौत होनेे की पुष्टि हुई।