पिहानी। खेत जाने की बात कहकर घर से निकले युवक ने बृहस्पतिवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। प्राथमिक जांच में घरेलू कलह में फंदा लगाए जाने की बात सामने आई है।
बगौछा के मजरा रामसिंहपुरवा निवासी कपिल (26) खेती करता था। बृहस्पतिवार सुबह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर तक वापस घर नहीं पहुंचा। इस दौरान ग्रामीणों ने कपिल का शव गांव में ही एक खेत में आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका देखा। इसकी जानकारी कपिल के परिजनों को दी। मौके पर पहुंची मां लौंगश्री बदहवास हो गईं। घटना की जानकारी पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जरूरी नमूने जुटाए।
कपिल की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। एक पुत्र भी है। घटना की वजह को लेकर परिजन चुप्पी साधे हैं, लेकिन ग्रामीणों में चर्चा है कि कपिल अपने हिस्से की जमीन बेच चुका है। मां के हिस्से की जमीन पर भी दावा कर रहा था। इसको लेकर आए दिन कलह होती थी। सीओ हरियावां संतोष सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला कि घरेलू कलह में खुदकुशी की है। हालांकि, परिजन चुप्पी साधे हैं।