भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के भटपुर मार्ग पर सिकरी गांव के पास मंगलवार रात बाइक सवार दोस्त सड़क पर आए निराश्रित मवेशियों के झुंड से टकरा गए। इस दौरान एक मवेशी का सींग बाइक सवार के सीने में घुस गया। इस कारण उसकी मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिजन में कोहराम मच गया।
अतरौली थाना क्षेत्र के तेरवा मजरा छावन निवासी रजनीश (23) दिल्ली में मिठाई की दुकान पर काम करते थे। सीतापुर के कुर्सी निवासी ससुर के बीमार होने की सूचना पर पत्नी नैंसी और बेटी के साथ 10 दिन पहले दिल्ली से आए थे। मंगलवार सुबह वह अपने गांव पहुंचे थे। मंगलवार देर शाम रजनीश गांव निवासी अपने दोस्त सुरेंद्र के साथ बाइक से भटपुर जा रहे थे।
सिकरी गांव के पास सड़क पर अचानक निराश्रित मवेशियों का झुंड आ गया। इन्हीं में से एक मवेशी से बाइक टकरा गई। इस दौरान एक मवेशी की सींग रजनीश के सीने में घुस गया जबकि सुरेंद्र मामूली रूप से घायल हो गए। यूपी 112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से रजनीश व सुरेंद्र को सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने रजनीश को मृत घोषित कर दिया। सुरेंद्र का उपचार चल रहा है।
वहीं मृतक के पिता सर्वेश ने सुरेंद्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया कि रंजिश के कारण सुरेंद्र घर से रजनीश को बुला ले गया था। आरोप है कि रजनीश को शराब पिलाई और इसके बाद उसे बाइक से ले जाते समय हादसा हो गया। पुलिस का दावा है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है लेकिन प्राथमिक जांच में मृतक के पिता के आरोपों की पुष्टि नहीं हो रही है।
प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक चालक मवेशी से टकरा गया। इस दौरान मवेशी का सींग रजनीश के सीने में घुस गया और इसी वजह से उसकी मौत हो गई। सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।