हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के मुर्चिया चौराहे पर बुधवार रात खंभे पर चढ़कर हाईटेंशन लाइन ठीक कर रहे युवक को करंट लग गया। करंट से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के मुरबा शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी रामबाबू ने बताया कि गांव में बिजली नहीं आ रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे उनका पुत्र विनय (25) मुर्चिया चौराहे पर खराब हाईटेंशन लाइन को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया। इस दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलसकर नीचे आ गिरा। वह लोग उसे लेकर हरपालपुर सीएचसी लेकर गए। सीएचसी पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार बहनों में इकलौता था।
प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि परिजन ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट मिलने पर विधिक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। वहीं, पलिया विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता एसके चंद्रा ने बताया कि मृतक विभाग का कर्मचारी या लाइनमैन नहीं था। जांच कर करवाई जाएगी कि वह बिना शटडाउन के खंभे पर कैसे चढ़ा।