हरदोई। पिछले कई साल से सर्वाइकल के दर्द से परेशान अधेड़ महिला ने शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना टड़ियावां थाना क्षेत्र के पाला गांव की है।
पाला निवासी संतराम ई-रिक्शा चालक हैं। उनकी पत्नी संतोष कुमारी (50) बीते तीन साल से सर्वाइकल के दर्द से परेशान थीं। पुत्र अमन के अनुसार, राहत पाने के लिए लखनऊ, सीतापुर और कानपुर के अस्पतालों में उनका उपचार कराया गया था। कोई सुधार न मिलने पर वह ज्यादातर समय घर पर ही रहती थीं। शुक्रवार को पिता ई-रिक्शा चलाने गए थे और वह खुद मजदूरी करने गया था। घर पर उसके भाई गोविंद और विपिन थे। विपिन निशक्त है।
रात नौ बजे अमन वापस घर पहुंचा तो मां कमरे में पड़ी थीं और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पिता को सूचना देकर वह मां को लेकर रात करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि बीमारी के कारण महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है।