हरदोई। बीते शनिवार की शाम को आई आंधी और बारिश से कोतवाली देहात क्षेत्र के महुईपुरी में गांव के एक मकान की दूसरी मंजिल की दीवार भरभराकर गिर गई। इसमें एक ही परिवार के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। वहां उनका उपचार किया जा रहा है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महुईपुरी गांव निवासी राजेश अपने परिवार समेत घर पर ही थे। बीते शाम आई आंधी के बाद काफी तेज बारिश शुरू हो गई। इस बीच मकान की ऊपरी मंजिल की कच्ची दीवार आंधी और बारिश का दबाव झेल नहीं पाई और छप्पर समेत नीचे आ गिरी। मलबे के गिरते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। मलबे में राजेश समेत उनकी पत्नी संगीता, पुत्र मिथिलेश, रितेश, विमलेश, राजेश के भतीजे छोटे भैया और मिथिलेश की पुत्री सौम्या दब गए। हादसे में सभी सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं लेकिन सभी का उपचार किया जा रहा है।