हरदोई। दिव्यांग सीमा देवी, विमला, रामवती, संतराम और अवधेश कुमार को आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री आवास की चाबी सौंपी। कहा कि डबल इंजन की सरकार अंतिम पायदान तक पात्रों को लाभान्वित किए जाने के लिए संकल्पित है।
सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन बृहस्पतिवार को श्रीशचंद्र बरात घर में मुख्य कार्यक्रम में आबकारी मंत्री ने दिव्यांग बाबूराम, मो. वहीद, अमर सिंह, सुदामा, फिरोज, गुड्डी, ललित कुमार वर्मा, रूक्मिन, सुभाष, सुखलाल, रक्षपाल, कैलाश, राहुल, रंजन और रोशन लाल को मुख्यमंत्री आवास योजना में स्वीकृत पत्र सौंपे। स्वीकृति पत्र मिलते ही इन दिव्यांगों की आंखों में अपने घर का सपना पूरा होने की चमक दिखाई दी। प्रधानमंत्री के 25 साल की जनसेवा पर संकल्प कार्यक्रम में इसी के साथ 50 दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण, उद्योग विभाग के 10 लाभार्थियों को टूलकिट, दिव्यांगजन पेंशन योजना में 10 नवीन लाभार्थियों को स्वीकृति, 10 दिव्यांगजन को यूडीआईडी, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, पांच लाभार्थियों को अंत्योदय अन्न योजना के राशनकार्ड प्रदान किए।
आबकारी मंत्री ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर, सीडीओ नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्या, डीपीओ संजय निगम, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह, ईओ रामेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।