फोटो-10- बिलग्राम सीएचसी में चिकित्सक आवास में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
बिलग्राम। सीएचसी परिसर में चिकित्सक के आवास में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसका पता चलने पर अफरा तफरी मच गई। जानकारी पर पहुंचे अग्निशमन के दो वाहनों की मदद से एक घंटे बाद आग बुझाई जा सकी। घटना शनिवार दोपहर लगभग एक बजे हुई। घटना के समय घर में चिकित्सक और उनके परिजन मौजूद नहीं थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक इमारत बनी है। इसमें चार आवासीय परिसर हैं। इन्हीं में से एक आवास में डॉ. रविकांत अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार को डॉ. रविकांत जिला कारागार में ड्यूटी पर गए हुए थे। उनकी पत्नी डॉ. कोमल शंखवार पारिवारिक कार्यक्रम में लखनऊ गई हुई थीं। आवास में डॉक्टर के दो पालतू कुत्ते थे। दोपहर लगभग एक बजे डॉ. रविकांत के आवास से तेज धुआं निकलने लगा। इसे देख वहीं तैनात कर्मचारी वीरेंद्र अंदर गया। उसने सबसे पहले आवासीय परिसर से दोनों कुत्तों को बाहर निकाला फिर पुलिस को सूचना दी।
उपनिरीक्षक अजय तोमर मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दमकल के एक वाहन का पानी खत्म हो गया तो दूसरा वाहन मंगवाकर आग बुझाई गई। घटना के समय सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार भी जिला मुख्यालय पर एक विभागीय बैठक में थे। उन्होंने बताया कि डॉ. रविकांत के वापस आने पर नुकसान का आकलन हो पाएगा। आग से कोई जनहानि नहीं हुई।
फोटो-10- बिलग्राम सीएचसी में चिकित्सक आवास में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। संवाद