भरावन। 25 हजार रुपये के इनामी शातिर को पुलिस ने गैंगस्टर के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अतरौली कस्बा निवासी दीपू अवैध शस्त्र बनाने के कारोबार में बीते वर्ष 20 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने उसके घर पर छापा डालकर अवैध शस्त्र और उपकरण बरामद किए थे।
उसके अन्य साथी भी गिरफ्तार किए गए थे। पांच दिसंबर को दीपू और उसके साथी आजाद के विरुद्ध पुलिस ने गैंगस्टर के तहत कार्रवाई कर दी थी, लेकिन इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।
इसके कारण दीपू पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। अतरौली के थानाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि मंगलवार देर रात अतरौली कोथावां मार्ग से ग्राम हिरईखेड़ा जाने वाले मार्ग पर दीपू को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। उसे जेल भेज दिया गया है।