हरदोई। जनपद की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन के लिए स्टेडियम को पहले से बेहतर बनाने की कवायद को मंजूरी मिल गई है। खेल सुविधाओं का विस्तार करते हुए स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल और नई बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने की स्वीकृति दी है। साथ ही खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरे मैदान में फ्लड लाइटें लगवाई जाएंगी। इससे न केवल खेल सुविधाओं का स्तर सुधरेगा बल्कि रात के समय भी मैच और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो सकेंगी।
स्थानीय स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर व्यवस्था न मिलने से प्रतिभाओं को निखरने का मौका नहीं मिल पा रहा है लेकिन अब जनपद के स्टेडियम में आने वाले दिनों में खेलों का स्तर और अधिक सुधरेगा। जिला क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा के प्रयासों के चलते शासन ने 14 करोड़ रुपये से निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी है। जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। प्रस्ताव में स्टेडियम की पुरानी बाउंड्रीवॉल को गिराकर उसे नए सिरे से बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से नई दीवार की ऊंचाई मौजूदा स्थिति से काफी अधिक रखी जाएगी। मल्टीपर्पज हॉल बनने से कई प्रकार की खेल गतिविधियां बढ़ेंगी। योग के लिए भी अलग से कॉर्नर दिया जाएगा ताकि रुचि रखने वालों को सुविधाएं मिलें।
डे-नाइट मैचों से गुलजार हो सकेगा स्टेडियम
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि स्टेडियम परिसर में फ्लड लाइट्स भी लगवाई जाएंगी। अभी तक रोशनी के अभाव में रात में प्रतियोगिताएं संभव नहीं हो पाती थीं लेकिन फ्लड लाइट्स लगने के बाद डे-नाइट टूर्नामेंट हो सकेगा। खेल प्रेमियों का कहना है कि मल्टीपर्पज हॉल बनने से इनडोर खेलों बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती आदि को भी एक नया आयाम मिलेगा।
वित्तीय वर्ष में काम पूरा करने का लक्ष्य
निर्माण कार्य सीएंडडीएस जल निगम से कराया जाएगा। शासन से बजट की पहली किस्त जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। विभाग का प्रयास है कि इसी वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर सभी निर्माण कार्यों को पूरा कर खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाए।