हरपालपुर (हरदोई)। सवायजपुर काेतवाली क्षेत्र के बरसोहिया गांव में बालू निकालने से हुए गड्ढे में खेल रहे दो बच्चों पर मिट्टी का टीला गिर गया। परिजन बच्चों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए। यहां एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया।
बरसोहिया निवासी जागेंदर सिंह का पुत्र सचित (10) अपने दोस्त गांव के राज कुमार के पुत्र धर्मेंद्र (11) के साथ खेलने गया था। सचित और धर्मेंद्र गांव के बाहर बालू निकाले जाने के कारण हुए लगभग चार फीट गहरे गड्ढे में खेल रहे थे। इसी दौरान गड्ढे के आस पास लगी मिट्टी से बना टीला गड्ढे में गिर गया। दोनों बच्चे मिट्टी में दब गए।
घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाकर दोनों को निकाला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए। यहां सचित को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिवार में मां नीतू और एक बहन है। धर्मेंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया।