संवाद न्यूज एजेंसीहरदोई। भूमि संबंधी विवाद को लेकर न्यायालय में चल रहे केस में तारीख लेने कचहरी आए अधेड़ को अचानक चक्कर आ गया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। साथ आया भाई उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सांडी थाना क्षेत्र के अंटवा गांव निवासी राम भजन (50) का अपनी पत्नी चंद्रावती से भूमि विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में है। गुरुवार को इस मामले में तारीख थी। राम भजन अपने छोटे भाई सत्यपाल के साथ बाइक से हरदोई आया था। सत्यपाल के मुताबिक दोनों लोग अपने अधिवक्ता के तख्त पर बैठे थे।
इसी दौरान राम भजन तारीख लेने के लिए कोर्ट की तरफ जा रहे थे। अचानक उन्हें चक्कर आ गया और इसके बाद उल्टी हुई। फोन करने पर 108 एंबुलेंस सेवा की एंबुलेंस आ गई। इससे राम भजन को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। यहां डाक्टर ने रामभजन को मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।