हरियावां। खेत जाने की बात कहकर घर से निकले अधेड़ का शव जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। प्राथमिक जांच में आर्थिक तंगी के कारण अवसाद में होने और इसी वजह से खुदकुशी करने की बात सामने आई है।
भदेवरा निवासी उदयराज सिंह उर्फ भन्नू सिंह (48) एक जेसीबी मशीन को ठेके पर लेकर चलवाता था। ग्रामीणों के मुताबिक ठेके पर जेसीबी चलवाने के कारण उसे लगातार नुकसान हो रहा था। नुकसान की भरपाई के लिए उसने अपनी मां सुशीला के नाम 1.30 लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड हरियावां स्थित एक बैंक से बनवाया था। इसके बाद भी समस्या कम नहीं हुई थी।
15 दिन पहले जेसीबी मशीन के साथ ही हरदोई के एक शख्स को ठेके पर ट्रैक्टर भी गिरवीं रखवा दिया था। मंगलवार सुबह वह खेत जाने को लेकर निकला था। इसके कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसका शव गांव के उत्तर जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका देखा। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। थानाध्यक्ष वीरबहादुर ने बताया कि परिजनों ने आर्थिक तंगी के कारण उदयराज के अवसाद में चले जाने और इस कारण खुदकुशी करने की बात कही है।