फोटो-25-अनिल तिवारी। स्रोत परिजन
सवायजपुर। कटरा-उन्नाव हाईवे पर कंहारी गांव के बिरुआपुर मोड़ पर मंगलवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर हो गई। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया जबकि बाइक सवार दो अन्य घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के रूपापुर निवासी अनिल तिवारी (55) खेती करते थे। पुत्र विकास के मुताबिक, वह सवायजपुर के एक डिग्री कॉलेज में एलएलबी का छात्र है। कॉलेज से उनका अंकपत्र आना था। सोमवार दोपहर पिता अनिल बाइक से अंकपत्र लेने के लिए घर से निकले थे। पड़ोसी गांव राजपुर लभेड़ा निवासी अनिल के दोस्त सुशील (38) भी उनके साथ थे। बाइक सुशील चला रहे थे। दोनों डिग्री कॉलेज की ओर जा रहे थे।
इस दौरान सवायजपुर की ओर से शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के उदरपुर घोड़ा गांव निवासी छविनाथ (50) बाइक से आ रहे थे। कटरा बिल्हौर हाईवे के कंहारी गांव के बिरुआपुर मोड़ पर दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। सुशील और छविनाथ को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिवार में पत्नी पप्पी, दो पुत्र विकास, आकाश और एक पुत्री लवी है। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।