फोटो-10- मेडिकल कॉलेज में मौजूद मृतक अवनीश के परिजन। संवाद
हरदोई। पिहानी मार्ग पर हरियावां थाना क्षेत्र की चीनी मिल के पास बुधवार रात बाइक सवार ट्रक में पीछे से जा घुसा। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सीएचसी हरियावां से मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां बृहस्पतिवार सुबह उसकी मौत हो गई। दावा है कि सामने से आए वाहन की हेडलाइट पड़ने से चौंधियाए युवक को ट्रक नजर नहीं आया और वह पीछे से जा घुसा।
मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम बिलहैया के मजरा रेउरी निवासी अवनीश कुमार (25) राज मिस्त्री थे। अवनीश की बड़ी बहन लज्जावती हरियावां थाना क्षेत्र के अठरहा गांव में रहती हैं। बड़े भाई वीरेंद्र के मुताबिक, बुधवार सुबह अवनीश बाइक से बहन के यहां गए थे। रात के समय वह वापस घर आ रहे थे। इस दौरान हरियावां थाना क्षेत्र की शुगर मिल के पास सामने से एक वाहन की लाइट अवनीश की आंखों में पड़ी। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया। वह ट्रक में पीछे से टकरा गए।
गंभीर रूप से घायल अवनीश को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अवनीश आठ भाई बहनों में सातवें नंबर के और अविवाहित थे। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि हादसा दूसरे थाना क्षेत्र में हुआ है। शव का पंचनामा भरवाया गया है।
... तो रेफर कर देते हमारा भाई
आमतौर पर मेडिकल कॉलेज से हॉयर सेंटर मरीज रेफर किए जाने पर परिजन नाराजगी जताते हैं। अविनाश के मामले में उल्टा हुआ। अविनाश के भाई वीरेंद्र और ममेरे भाई नागेश्वर ने बताया कि बुधवार देर रात चिकित्सक ने सीटी स्कैन कराया था। इसमें सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई थी। इसके बाद भी अविनाश को लखनऊ रेफर नहीं किया गया जबकि यहां मेडिकल कॉलेज में कोई न्यूरो सर्जन नहीं है।
फोटो-10- मेडिकल कॉलेज में मौजूद मृतक अवनीश के परिजन। संवाद