हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर खदरा रेलवे फाटक के पास बुधवार देर रात युवक ने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी कर ली। मृतक 19 नवंबर को घर से निकला था। बहनोई के मुतातिक, पत्नी की प्रसव के दौरान मौत होने के बाद से युवक परेशान रहता था।
सांडी थाना क्षेत्र के चचरापुर निवासी आकाश (21) खेती करते थे। थाना क्षेत्र डाभा गांव निवासी राजकुमार की पुत्री मंजू से आकाश की शादी साल 2023 में हुई थी। आकाश के बहनोई रामशरण के मुताबिक, बीते नौ अगस्त को सांडी सीएचसी में मंजू ने एक पुत्र को जन्म दिया था। प्रसव के दौरान ही मंजू की मौत हो गई थी। इसके बाद से आकाश परेशान रहते थे। बिना बताए कई-कई दिनों तक इधर-उधर रिश्तेदारी में चले जाते थे। 19 नवंबर को बिना कुछ बताए आकाश घर से निकल गए थे।
बुधवार रात करीब आठ बजे लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर किलोमीटर 1172 के पास खंभा नंबर 21 और 23 के बीच एक युवक सद्भावना एक्सप्रेस के सामने आ गया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन के लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने देहात कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मृतक की जेब में एक पर्ची मिली। उस पर लिखे नंबर पर फोन करके पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सतौथा निवासी रामशरण ने शव की पहचान साले आकाश के रूप में की। आकाश का तीन माह का एक पुत्र है। अतिरिक्त निरीक्षक ध्रुव कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आकाश ने छह माह बंधक बनकर श्रीनगर के एक मकान में किया था काम
आकाश के बहनोई रामशरण के मुताबिक, शादी के बाद आकाश दिल्ली में मजदूरी करने चले गए थे। वह मोबाइल नहीं रखते थे। इस दौरान वह कहीं गायब हो गए थे। सांडी थाने में उनकी गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस दौरान आकाश के ससुर ने आकाश के माता-पिता और बहनोई पर दामाद को गायब करने की प्राथमिकी महिला थाने में दर्ज करा दी। पुलिस आकाश की तलाश करती रही। फिर छह माह बाद आकाश का फोन रामशरण के पास आया। उन्होंने बताया कि एक दलाल उन्हें दिल्ली से जम्मू कश्मीर राज्य ले आया था। वह श्रीनगर के मोहल्ला वार्ड के एक मकान में बंधक के रूप में झाडू पोछा कर रहे हैं। मालिक का मोबाइल होने की बात बताते हुए कॉल बैक करने से आकाश ने मना किया था। फिर रामशरण सांडी पुलिस के साथ श्रीनगर गए थे। पुलिस आकाश को छुड़वा कर गांव ले आई थी। इसके बाद से वह गांव में ही रह रहे थे।