हरदोई। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान शुक्रवार को दो केंद्रों पर लखनऊ एसटीएफ की कार्रवाई से बड़े पैमाने पर नकल के रैकेट का खुलासा हुआ है। जगन्नाथ सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक के आवास से 20 हल की हुई कॉपियां, 49 सादी कॉपियां और 65 प्रवेशपत्र सहित कई सामान मिले हैं। एक कार से भी 11 हल की हुई कॉपियां मिली हैं।
वहीं, दो केंद्रों से साॅल्वर पकड़े जाने के मामले में एसटीएफ ने शनिवार को 22 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कॉलेज के प्रबंधक, केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा प्रभारी को भी नामजद किया गया है। 22 से 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 14 आरोपियों को जेल और पांच किशोर आरोपियों को बालसुधार गृह भेजा गया है। पुलिस को जगन्नाथ सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक और लिपिक समेत तीन की तलाश है।
बता दें कि लखनऊ से आई एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार को दो परीक्षा केंद्रों पर छापा मारा था। इस दौरान दोनों परीक्षा केंद्रों में बाहर काॅपियां लिखी जाती मिली थीं। एक कार से भी लिखी हुई कॉपियां मिली थीं। छानबीन में किताब, नकल पर्ची, एक अन्य परीक्षा केंद्र की हाईस्कूल की दो काॅपियां, बड़ी संख्या में प्रवेशपत्र और सादी कॉपियां मिली हैं।
जगन्नाथ सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज कटियामऊ गढ़ी के प्रबंधक अनिल सिंह के गढ़ी कमालपुर स्थित मकान से भारी मात्रा में नकल सामग्री मिली है। एसटीएफ की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में उल्लेख है कि प्रबंधक के मकान से हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की 19 और इंटरमीडिएट की कृषि अर्थशास्त्र की एक कॉपी साॅल्वरों द्वारा लिखी जाती मिली है।
एक बैग में 49 उत्तर पुस्तिकाएं सादी, 65 प्रवेशपत्र, विभिन्न तारीखों में परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों के नाम और रोल नंबर की 27 की सूची, आठ मोबाइल फोन, नकल कराने की 12 पर्ची, कृषि अर्थशास्त्र की एक पाठ्यपुस्तक, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और 1,550 रुपये नकद मिले थे। यही नहीं, स्मृतिराज राम इंटर कॉलेज तरौली की हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की लिखी हुई उत्तर पुस्तिकाएं भी मिली थीं। अनिल सिंह के मकान से 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
वहीं, जय सुभाष महाबली इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एसटीएफ के निरीक्षक शैलेंद्र कुमार को कक्ष निरीक्षक व परीक्षा प्रभारी मनीष सिंह की कार में चालक की सीट के पीछे वाली सीट पर हाईस्कूल की लिखी हुईं 11 उत्तर पुस्तिकाएं मिलीं। आईफोन सहित कई फोन मिले हैं। प्रधानाचार्य के आवास पर दो लड़कियों को पकड़ा गया था।