बेंहदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के दिवारी गांव में मंगलवार सुबह युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने से पहले युवक ने अपनी पत्नी से मोबाइल पर बात भी की थी। युवक का पत्नी से विवाद चल रहा था। उसने परिवार न्यायालय में पत्नी की विदाई का मुकदमा भी कर रखा था। इस मुकदमे की तारीख मंगलवार को थी। पत्नी ने पति के खिलाफ उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा रखा है।
दिवारी निवासी अमित (30) खेती करते थे। मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे खेत जाने की बात कहकर वह घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनके खेतों की तरफ से निकली गांव निवासी महिला ने उनका शव चिलबिल के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका देखा। इसकी जानकारी परिजन को दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर बदहवास हो गए। मृतक के पिता ने बताया कि अमित की शादी पांच साल पहले उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गौरा निवासी कमला से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। दो साल से कमला मायके में है।
अमित ने पांच माह पहले पत्नी की विदाई का मुकदमा परिवार न्यायालय में दर्ज कराया था। इसका पता चलने पर पत्नी ने भी अब से दो माह पहले बांगरमऊ कोतवाली में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा दिया था। मंगलवार सुबह अमित ने पत्नी से फोन पर बात की थी। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि घटना संज्ञान में है। मामला खुदकुशी का है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।