मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के मांझगांव में शनिवार सुबह मक्का की फसल सींच रहे किसान पर एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। करंट लगने से झुलसकर किसान की मौत हो गई।
माझगांव निवासी परमेश्वर दीन (72) खेती करते थे। गांव के पास ही उनका खेत है। पुत्र अजय पाल ने बताया कि शनिवार दिन में लगभग 11:30 बजे परमेश्वरदीन खेत में सिंचाई करा रहे थे। खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। तार जर्जर होने की वजह से टूटकर पिता के ऊपर आ गिरा। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन आनन फानन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में दो पुत्र हैं।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने के कारण करंट लगने से किसान की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रुइया विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अभिषेक पाल ने बताया कि घटना संज्ञान में है। तार टूटने की वजह पता की जा रही है।
तीन साल से जर्जर लाइन बदलने का भेजा जा रहा प्रस्ताव, मिली ही नहीं मंजूरी
-जर्जर लाइन टूटकर गिरने से किसान की हुई मौत
हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के माझगांव में जो हाईटेंशन लाइन किसान की मौत का कारण बनी है वह पिछले तीन साल से जर्जर है। रुइया विद्युत उपकेंद्र से बांसा फीडर की इस लाइन के तार बदले जाने का प्रस्ताव लगातार तीन वित्तीय वर्षों से शासन को भी भेजा जा रहा है। बावजूद इसके प्रस्ताव स्वीकार नहीं हुआ और शनिवार सुबह एक किसान की जान चली गई।
विद्युत वितरण निगम के अभियंता समय-समय पर बिजली लाइनों का जायजा लेते हैं। जर्जर लाइनों को बदले जाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जाता है। किसी न किसी योजना के तहत प्रस्ताव मंजूर होने पर बजट आवंटित होता है और फिर मरम्मत का कार्य कराया जाता है। शनिवार सुबह माझगांव में हाईटेंशन का तार टूटकर किसान परमेश्वर दीन पर गिर गया था। करंट लगने से झुलसे परमेश्वर की मौत हो गई। मल्लावां के एसडीओ सुमित कुमार ने बताया कि लाइन जर्जर थी। पिछले तीन वित्तीय वर्षों से इसके लिए बजट मांगा जा रहा है। पांच खंभों पर तार बदले जाने हैं। मोटे अनुमान के मुताबिक डेढ़ से दो लाख रुपये इस कार्य पर खर्च होने हैं। शासन से इसकी मंजूरी मिले तो काम करा दिया जाए।