हरदोई। नगरीय निकायों में काम कराए जाने के लिए शासन ने खजाना खोला है। नगर पालिका सांडी में करीब 2.42 करोड़ रुपये से कई कामों को कराया जाएगा। इसमें 1.95 करोड़ रुपये से एक मॉडल की दुकानों को बनवाते हुए वैश्विक बाजार की स्थापना भी शामिल है।
नगर पालिका सांडी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन ने 2,42,34,000 रुपये की स्वीकृति दी है। इन रुपयों से आमजन के आवागमन के लिए मार्ग, जल निकासी के लिए नाली सहित स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों आदि का काम कराया जाना शामिल है। शासन की ओर से दी गई स्वीकृति में 1.95 करोड़ रुपये की लागत से वैश्विक बाजार की स्थापना होगी। साथ ही इसके प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सुंदरीकरण के लिए 30 लाख रुपये खर्च किए जाने की स्वीकृति दी है। 11.84 लाख रुपये से आंगनबाड़ी केंद्र भवन बनवाए जाने के साथ ही 5.50 लाख रुपये से आरसीसी रोड व नाली का काम कराया जाएगा।
शासन की ओर से काम कराए जाने के लिए स्वीकृति दे दी गई है। काम कराने की जिम्मेदारी नगरीय निकाय को सौंपी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्यों को कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। काम पूरे होने से स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलने और रोजमर्रा की जरूरतों में सहूलियत की उम्मीद है।
निकायों में काम कराने के प्रति शासन, प्रशासन गंभीर है। लोगों को बेहतर सुविधा दिलाया जाना प्राथमिकता है। कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापरक ढंग से कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए गए हैं। -राजेंद्र कुमार, प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय