हरदोई। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र में साइकिल सवार छात्रा को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बृहस्पतिवार सुबह हुई घटना में घायल छात्रा की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से भाग निकला।
देहात कोतवाली क्षेत्र के खेतारी निवासी गुड्डू की पुत्री पायल (16) राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हरदोई में कक्षा आठ की छात्रा थी। इन दिनों विद्यालय में परीक्षा चल रही है। पायल बृहस्पतिवार सुबह लगभग नौ बजे साइकिल से परीक्षा देने स्कूल जा रही थी। लिंक मार्ग से हरदोई सीतापुर मार्ग पर चढ़ते ही सीतापुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने पायल के परिजनों को सूचना दी। मौके पर आए परिजन निजी वाहन से पायल को मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां लगभग 10 बजे उसकी मौत हो गई।
मां सुमन बदहवास हो गईं। उन्हें संभालने के लिए परिजनों को मशक्कत करनी पड़ी। पायल दो भाइयों हिमांशु और दीपांशु के बीच अकेली बहन थी। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दुर्घटना करने वाली कार की जानकारी जुटाई जा रही है।
मां, मैं आ जाऊं तब चलना मामा की शादी में...
पायल की मां सुमन के चचेरे भाई प्रमोद की शादी छह फरवरी को है। शादी में सुमन को बालामऊ जाना था। पहले सुमन बृहस्पतिवार सुबह बालामऊ जाने वाली थीं। पायल ने मां से कहा कि परीक्षा देकर दोपहर तक घर वापस आ जाएगी। इसके बाद वह भी मामा की शादी में चलेगी। मां से कहा था कि मैं आ जाऊं तब तब चलना। यही बात यादकर छात्रा के परिजन बिलखते रहे।
फोटो-15- पायल। फाइल फोटो