अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि पूर्व सांसद समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के छेदापुरवा मजरा रूदामऊ निवासी रामेश्वर (55) पुत्र महादेव मंगलवार की शाम को बाजार से घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के डीएम चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार राघवेंद्र (30) पुत्र रघुराज निवासी पिहानी चुटहिल हो गया। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। इस घटना में राघवेंद्र बाइक से कूद गया था। इससे उसे गंभीर चोट नहीं आई।
इधर, कछौना थाना क्षेत्र में रैसो के पास दो कार टकरा गईं। इससे एक कार पर सवार बरेली के पूर्व सांसद वीरपाल सिंह और उनके पांच साथी घायल हो गए। उनको स्वास्थ्य केंद्र संडीला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।