संडीला। कोतवाली क्षेत्र के बेनीगंज मार्ग पर सड़क किनारे बाइक समेत खड़े युवक को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। भाई की सूचना पर उसे सीएचसी संडीला ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना बुधवार देर रात हुई।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के सदियापुर निवासी पारुल (22) संडीला के औद्योगिक क्षेत्र स्थित आइस्क्रीम फैक्टरी में काम करते थे। भाई रामजी ने बताया कि पारुल को बुधवार को फैक्टरी में काम नहीं मिला था। इस पर वह अपने जीजा आदित्य कुमार के घर चला गया। रामजी पहले से ही जीजा के घर में था। बुधवार रात दोनों भाई बाइक से वापस गांव जा रहे थे।
संडीला बेनीगंज मार्ग पर लोनीपुल के पास रामजी ने लघुशंका जाने के लिए बाइक रुकवाई। रामजी लघुशंका करने चले गए जबकि पारुल बाइक समेत वहीं खड़ा रहा। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में पारुल गंभीर रूप से घायल हो गया। रामजी की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। रामजी को सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में चिकित्सक ने रामजी को मृत घोषित कर दिया। मृतक छह भाई-बहनों में सबसे छोटा और अविवाहित था। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।