हरदोई। पेंशन में खेल अकेले समाज कल्याण की वृद्धावस्था में ही नहीं जारी है। पेंशन सूची में लाभार्थियों का नाम जोड़ना और फिर काट देने का खेल प्रोबेशन विभाग की विधवा पेंशनों में भी है। नाम कटने से बीते एक वर्ष से पेंशन न मिलने की शिकायत लेकर आईं विधवाओं ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देने के साथ ही सीडीओ से मिलकर व्यथा सुनाई।
विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत कुर्रिया की रहने वाली बृजरानी, जगरानी, फुलकोरा, पार्वती, छेदम्मा, जुमली, छंगा व छमली आदि ने विधवा पेंशन में व्याप्त अनियमितताओं की पोल खोली। विधवा पेंशन की लाभार्थियों ने बीते एक वर्ष से पेंशन न मिलने की शिकायत करते हुए विभागीय लिपिकों पर पेंशन की राशि हड़प लेने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2011-12 की विधवा पेंशन आज तक उनके खातों में नहीं भेजी गई है। जब विभाग में जानकारी करने गए तो सूची से नाम कट जाने की बात बताकर खाता नंबर की फोटो कापी मांगी गई। बताया कि उन लोगों ने कई बार विभागीय लिपिकों को फोटो कापी दी लेकिन अभी तक पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी लिपिकों ने प्रथम किस्त का तो भुगतान कर दिया लेकिन द्वितीय किश्त का भुगतान नहीं किया गया। महिलाओं ने कहा कि अब लिपिक बता रहे हैं कि वित्तीय वर्ष 2012-13 की प्रथम किस्त दी जाएगी। महिलाओं ने विधवा पेंशन की जांच कराने की मांग कर छूटी पेंशन दिलाने की मांग की है। महिलाओं ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देने के साथ ही मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार द्विवेदी से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस पर सीडीओ ने मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है।