हरदोई। नगर निकाय चुनाव में तीन लाख 69 हजार में से 64.26 फीसदी मतदाताओं ने ही अपनी राय मतपत्रों के रूप में मतपेटिकाओं के सुपुर्द कर दी है। इसके बाद प्रशासनिक तंत्र द्वारा जनता की राय यानी मतपेटिकाओं को पांच स्थलों पर बनाए गए स्ट्रांग रूमों में सुरक्षित कर दिया गया है।
जिले की सात नगर पालिकाओ व छह नगर पंचायतों में मतदान की प्रक्रिया को संपन्न करा दिया गया। जिसमें मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अध्यक्ष व संबंधित सभासद के लिए अपनी राय मतपेटिका में सुरक्षित कर दी। इधर मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को जमा करने का क्रम जारी रहा, जो देर रात तक चला। मतपेटिकाओं को जल्दी जल्दी जमा कराने को लेकर अव्यवस्था का दौर भी दिखा। मतपेटिकाओं को मंडी समिति हरदोई, दिव्यानंद डिग्री कालेज संडीला, मंडी समिति शाहाबाद, बाबा मंशानाथ इंटर कालेज बिलग्राम, बीजीआर इंटर कालेज बिलग्राम, पंत इंटर कालेज पाली में जमा कराई गई है। अफसरों के मुताबिक इन मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूमों में सुरक्षित बंद करवा दिया गया है। प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा सात जुलाई को खोला जाएगा।