पिहानी (हरदोई)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा. अम्मार रिजवी ने कहा कि प्रधानमंत्री, सीएम, हाईकोर्ट व सुप्रीमकोर्ट के न्यायाधीश को लोकपाल और लोकायुक्त के दायरे से बाहर रखना चाहिए। कहा कि निकाय चुनाव में यद्यपि पार्टी ने कोई फैसला अभी नहीं किया है, पर उनकी राय में इसे सिंबल पर नहीं लड़ा जाना चाहिए।
डा. रिजवी शुक्रवार की देर शाम निवर्तमान चेयरमैन अली वहाब जैदी के आवास पर उनकी भाभी जर्रीन जैदी के निधन पर शोक जताने आए थे। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि पीएम और सीएम पर यदि कोई संस्था का दबाव होगा तो वह जनता के प्रति जवाबदेह होने की बजाय उस एजेंसी को संतुष्ट करने की कोशिश में लगा रहेगा। इसी के साथ ही हाईकोर्ट व सुप्रीमकोर्ट के जजों को भी इस दायरे से बाहर ही रखना उचित होगा। प्रधानमंत्री, सांसद या सीएम आदि की जुबान पर लोकपाल का ताला लग जाएगा तो सदन तक जनता की आवाज पहुंचना भी बंद हो जाएगी। निकाय चुनाव पर कहा कि अभी पार्टी ने फैसला नहीं लिया कि चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं, पर उनकी निजी राय है कि इस चुनाव में पार्टी को संलिप्त नहीं होना चाहिए। परत दर परत खुलते भ्रष्टाचार और गिरफ्तारियों पर कहा कि यह वही मामले हैं जो बहुत पहले के हैं, जो अब खुल रहे हैं। मौजूदा समय में जो कुछ हो रहा है, वह आगे सामने आएगा।