हरदोई। लखनऊ मार्ग पर मंगलवार की शाम एसएसपी के सामने कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई में मिनी बस में सवार लोगों ने हंगामा काटा। एसएसपी की गाड़ी को कई बार ओवर ट्रैक करने वाले बस चालक से पूछताछ करने पर बस सवार लोगों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। एसएसपी ने स्थिति को बिगड़ती देख फोर्स को सूचना दी, जिस पर फोर्स और अफसर मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी आरके श्रीवास्तव मंगलवार की शाम लखनऊ की ओर से लौट रहे थे। एक मिनी बस लखनऊ के आम्रपाली से कोतवाली देहात क्षेत्र में स्थिति हनुमान मंदिर आ रही थी। बघौली चौराहे से आगे बस ने कप्तान की गाड़ी को कई बार ओवर टेक किया। संदेह होने पर बस रुकवाने का प्रयास भी किया गया, पर बस नहीं रुकी। खेतुई मंदिर के पास पहुंच कर बस रुकी तो पीछे से कप्तान की गाड़ी भी पहुंच गई। कप्तान के चालक और गनर ने बस चालक को नीचे उतार कर उसके कागज मांगे और उससे कड़ाई से पूछताछ की।इस पर बस सवार आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। एक व्यक्ति तो एसएसपी की गाड़ी के सामने सड़क पर लेटने का नाटक करने लगा। मौके की स्थिति को असामान्य होते देख एसएसपी ने वायरलेस सेट से पुलिस फोर्स को जानकारी दी, तो कोतवाली शहर और कोतवाली देहात पुलिस के साथ एएसपी राकेश शंकर, सीओ सदर राघवेंद्र मिश्रा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक हंगामा कर रहे लोगों में कुछ फरार हो गए थे, पर पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कप्तान की गाड़ी के सामने लेटने वाले व्यक्ति के साथ दो अन्य को हिरासत में ले लिया और उन्हें कोतवाली लेकर गई।
पूछताछ के दौरान कप्तान की गाड़ी के आगे लेटने वाले व्यक्ति ने अपना नाम रामविलास निवासी मलिहाबाद व वहीं के नरेंद्र कुमार व राहुल यादव बताया। पुलिस तीनों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। एसओ कोतवाली देहात नरेश चंद्र जौहरी ने बस को सीज कर जाम लगाकर हंगामा करने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास समेत कुछ अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।