अतरौली/माधौगंज(हरदोई)। थानाक्षेत्र के पंचमखेरा मजरा सोनिकपुर के खेतों में बुधवार की दोपहर लगाई गई आग ने देखते पांच गांवों की कई बीघा खेती को चपेट में ले लिया। इसमें 45 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गयी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने दो दमकलें लगवाकर आग पर काबू पाया। करीब 5 घंटे तक चले आग के मंजर से गांव में कोहराम मचा रहा। एसडीएम ने घटना के जांच व सीओ ने रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए है, उधर, ग्रामीणाें ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उधर, माधौगंज के अकबरपुर गांव में भी ठूंठ जलाने के लिए लगी आग से खेतों मेें पड़ा भूसा राख हो गया। बुधवार को गांव पंचमखेरा स्थित खेतों में गेंहू कटने के ठूंठ जलाने के लिए किसी ने आग लगा दी। आग ने धर्मापुर, बिसूढ़ा, अल्लीपुर, पंचमखेरा और कुड़हा की कई हजार बीघा खेती को अपनी चपेट में ले लिया। खेतों में कंपाइन मशीन से काटी गयी गेहूं की ठूंठ(लांक) मौजूद होने से आग चटक-चटक कर बढ़ती गयी। तमाम खेतों में यूके लिप्टिस समेत कई बाग चपेट में आ गए। पंचमखेरा गांव के तीन भाई कृष्णकुमार, शिवकुमार व राजकुमार पांडे के 45 बीघा रकबा के तीन खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी।आग पर काबू पाने के लिए किसानों ने जगह जगह अपने ट्यूबवेलोें को चलाया वहीं ट्रैक्टर से खेत जोतकर, फसलें पीटकर आग पर पानी व मिट्टी फेंक आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की।
सूचना पर एसडीएम गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, तहसीलदार मनोज कुमार श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी विवेक चंद्रा अपने साथ फायर ब्रिगेड की दो मशीने लेकर मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक कड़ी मसक्कत के बाद आग पर जैसे तैसे काबू पाया गया। भीषण अगिभनकांड का मंजर 12 बजे से 5 बजे तक चलता रहा। इस दौरान प्रधान का विरोध करते हुए कई जगहों पर कई ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कई बार हंगामा काटा। ग्रामीणों ने रंजिशन आग लगवाने का आरोप लगाया। जिस पर सीओ व एसडीएम ने ग्रामीणों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया । सीओ विवेक चंद्रा ने कहा कि आग को रंजिशन लगाया गया हो या स्वेच्छा से लगायी गयी हो, दोनो प्रकार से गलत किया गया है। सीओ ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आदेश थानाध्यक्ष बीपी यादव को दिया। एसडीएम गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने घटना की जांच कराने और पीड़ितों को सहायता राशि दिलाने का निर्देश तहसीलदार को दिया है। माधौग्ंाज प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के अकबरपुर के निकट एक खेत से उठी आग की लपटोें ने आस पास के खेतों को चपेट में ले लिया। जिससे खेतों में पड़ा भूसा राख हो गया।
शाहाबाद। नगर में मंगलदीन कोठी के पीछे हुए अगिभनकांड मेेें लाखों रूपए की गन्ना व गेंहू की फसल राख हो गई। दमकल न आने पर ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चलाकर आग पर काबू पाया। किसानोें ने कहा कि 30 बीघा गन्ना व 10 बीघा गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। बुधवार की शाम ट्यूबवेल के निकट लगे कूड़े के ढ़ेर में किसी ने आग लगा दी। तेज हवा में चलता कूड़ा आस पास के खेतों में बिखर गया। जिससे खेतों में खड़ी फसल धूं धूंकर जलने लगी। आग में रामचंद्र, रामेश्वर का 2-2 बीघा, सुन्दरी देवी व अन्य की करीब 6 बीघा गेंहू फसल जलकर राख हो गई। जबकि रामस्वरूप, रेशमा, अवधेश, मोर सिंह की गन्ने की फसल मेें आग लग गई। आग मेें कौशल किशोर का बाग भी चपेट में आ गया।
इंसेट
प्रधान समेत कई के खिलाफ तहरीर
अतरौली (हरदोई)। पंचमखेरा में भीषण अगिभनकांड में रंजिश के कारण आग लगवा देने का आरोप प्रधान रामपाल सिंह पर लगाया गया है। पीड़ित शिवकुमार पांडे की तरफ से शिकायती पत्र डीएम, एसपी और मुख्यमंत्री आदि को भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गयी है। घटना में रंजिश की बात सामने आ रही है। बसपा समर्थक व प्रधानी का चुनाव हार जाने वाली मनोरमा पांडे के पति कृष्ण कुमार पांडे और उसके भाई शिवकुमार व राजकुमार के नाम से गांव में करीब 170 बीघा खेती है। इस खेती पर भाइयों ने गेहूं की फसल बोया था। फसल को काटने का प्रयास भाइयों की तरफ से मजदूर व कंपाइन मशीन लगाकर चार बार किया गया और हर बार दबंगों ने पुलिस बल की मदद लेकर फसल को कटने से रोक दिया। थानाध्यक्ष बीपी यादव ने मौके पर शांतिभंग की संभावना को लेकर फसल रोकने की बात कही। बाद में शिकायतों पर एसडीएम गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने पुलिस व राजस्व अधिकारियों से जांच कराने के बाद सोमवार को कृष्ण कुमार आदि के पक्ष में फसल कटवा देने का आदेश थाने को भेज दिया। एसडीएम के आदेश में मौके पर शांति व्यवस्था हेतु पुलिस बल को उपस्थित रहने की बात कही गयी है। खेतों में आग लगने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पूरे क्षेत्र में आग से चारों तरफ राख दिखाई देने के कारण ग्रामीणों में काफी आक्रोश बुधवार को देखा गया।