पिहानी (हरदोई)। गेहूं क्रय केंद्रों पर व्याप्त अव्यवस्थाएं ‘अमर उजाला’ मेें उठाने के बाद एसडीएम शाहाबाद जेपी सिंह ने मंगलवार को मंडी पहुंच कर गेहूं क्रय केंद्रों की हालत देखी और पीसीएफ केंद्र प्रभारी के मौजूद न रहने पर फटकार लगाते हुए बुधवार तक तौल शुरू न करने पर जेल भिजवाने की चेतावनी दी। वहीं एसएफसी के केंद्र पर अव्यवस्थाओं पर खफा हो केंद्र को तत्काल मंडी के आसपास लगाने के निर्देश दिए।
मंगलवार की दोपहर बारह बजे एसडीएम शाहाबाद जेपी सिंह मंडी पहुंचे और केवल दो क्रय केंद्रों में से कर्मचारी कल्याण निगम के केंद्र पर ही तौल देखी। पीसीएफ केंद्र पर कई किसान इंतजार करते मिले। इस पर एसडीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने पीसीएफ के फिरोज को फोन मिला मौजूद न होने का कारण पूछा तो उन्होेंने बारदाने के लिए हरदोई में होने की बात कही। एसडीएम ने उन्हें चेतावनी दी कि यदि बुधवार से तौल शुरू न हुई तो जेल भिजवा देंगे। एसडीएम के समक्ष मंडी में मौजूद किसानों मनोज, मूलचंद, रफ्फू, अजय, प्रमोद व सर्वेश आदि ने बताया कि मंडी मेें केवल एक ही सेंटर पर तौल हो पा रही है।
दूसरे पर बारदाना नहीं है और तीसरा सेंटर मंडी से बाहर लगाकर मनमाने ढंग से तौल की जा रही है। एसएफसी केंद्र की शिकायत करते हुए रंधीर व मनोज ने कहा कि वह काफी तलाश के बाद जब रामलीला रोड पर एसएफसी केंद्र पहुंचे तो उन्हें केंद्र प्रभारी ने अगले दिन आने को कहा। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी वहां तौल न होने पर मजबूरन मंडी में ही रुक कर बारदाना आने का इंतजार कर रहे हैं। एसडीएम ने इस शिकायत पर रामलीला रोड पर एसएफसी के केंद्र पर भी छापा मारा। वहां जिस किसान बही पर तौल हो रही थी, वह किसान मौके पर मौजूद नहीं पाया गया। एसडीएम ने किसान बही कब्जे में ले लिए। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र प्रभारी को फटकार लगाते हुए कहा कि यह केंद्र मंडी या फिर मंडी के आसपास मेन रोड पर ही लगाएं। यहां से जल्द सेंटर न हटा तो कार्रवाई करेंगे। उन्हें बताया गया कि इस सेंटर पर अब तक अस्सी किसानों का 4552 कुंतल गेहूं खरीदा जा चुका है।