पिहानी (हरदोई)। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की पंडरवा किला शाखा में फर्जीवाड़े का एक और मामला प्रकाश में आया है। पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की गांव में मौजूद जमीन पर फर्जी कागजात लगाकर शाखा प्रबंधक ने दो लोगों के नाम एक लाख बारह हजार रुपये का ऋण निकाल लिया।
किश्तें टूटने के बाद जमीन के असली मालिक को पहुंची नोटिस पर मामले का खुलासा हुआ। तहरीर पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत सात पर धोेखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर में पंडरवा किला निवासी रिंकू सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में उसकी व भाई टीटू सिंह के नाम जमीन है। वह बरेली पुलिस विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उसके गांव में न होने का फायदा उठा कर शाखा प्रबंधक की मिलीभगत से रमेश सिंह पुत्र रामसरन व सतीश तिवारी पुत्र रज्जन तिवारी ने जमीन के फर्जी कागज दिखाकर अपने नाम ऋण निकाल लिया।
गत 25 जनवरी 12 को रमेश ने उसकी जमीन पर अस्सी हजार और सतीश तिवारी ने उसके भाई टीटू की जमीन पर बत्तीस हजार रुपये का ऋण निकाला लिया। इस में फखरूद्दीन, इस्तखार, शाहीन व अरविंद को गवाह बनाया गया था। रिंकू सिंह के अनुसार उसे जब ऋण वसूली के लिए बैंक से नोटिस प्राप्त हुआ, तब मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी रमेश सिंह, सतीश तिवारी, शाखा प्रबंधक, फखरूद्दीन, इस्तखार, शाहीन व अरविंद के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया।