हरदोई/बिलग्राम/संडीला। तहसील दिवस की शिकायतों को अगले तहसील दिवस तक हर हाल में निस्तारित कर दिया जाए। लंबित शिकायतों का भी जल्द निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सदर तहसील में तहसील दिवस पर डीएम रमेश मिश्र और एसएसपी गोविंद अग्रवाल ने फरियादियों की व्यथा सुनी और निस्तारण किया। डीएम ने कहा कि तहसील दिवस पर आने वाली शिकायतों को अगले तहसील दिवस तक निस्तारित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अफसर कार्यालयों में दस से बाहर बजे तक अवश्य बैठें और जनता की शिकायत सुन निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि बालू खानन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। तहसील दिवस पर कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुई। एसएसपी ने त्योहार के मौके पर जिले में आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने के संबंध में पुलिस अफसरों को निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला स्तरीय अफसर मौजूद थे। इधर, बिलग्राम तहसील दिवस में संयुक्त विकास आयुक्त प्रमोद श्रीवास्तव ने जनता की समस्याएं सुनीं और अफसरों को निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान 30 शिकायत कर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई। जिनमें दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसडीएम पीपी तिवारी, सीओ विजय त्रिपाठी आदि मौजूद थे। उधर, संडीला तहसील दिवस में एसडीएम जीसी श्रीवास्तव ने 19 फरियादियों की शिकायतें सुन निस्तारण के निर्देश दिए, जिसमें राजस्व विभाग की 13 शिकायतें थीं, बाकी शिकायतें अन्य विभागों की थी। इस मौके पर तहसीलदार एसएन त्रिपाठी आदि मौजूद थे।