संडीला/कासिमपुर। क्षेत्र में कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर एनजीओ द्वारा सप्लाई किये जाने वाले मिड-डे मील में कीड़े निकल रहे हैं। जिसको खाने से बच्चे कभी भी बीमार पड़ सकते हैं। सोमवार को कई केंद्रों पर बनी दलिया में कीड़े देखकर बच्चों ने खाना खाने से मना कर दिया। अभिभावकों ने इस खाने को ले जाकर सीडीपीओ को दिखाया।
इस बाबत सीडीपीओ ने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को भेजेंगी। पिछले कई दिनों से कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर दलिया में कीड़े निकल रहे हैं। पहले आंगनबाड़ी केंद्रों में ताजा भोजन बनता था, पर अब पिछले कुछ दिनों से यह काम एक एनजीओ को सौंप दिया गया है। एनजीओ वाले अपने यहां से खाना बना कर आंगनबाड़ी केंद्रों को सप्लाई करते हैं। कसबे के वार्ड 17 तथा वार्ड 14 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को जो दलिया एनजीओ द्वारा लाकर दिया गया, उसमें कीड़े दिखाई पड़े, जिससे बच्चों ने दलिया खाने से इंकार कर दिया। इसी प्रकार सोम गांव के द्वितीय व तृतीय केंद्र पर भी कीड़े निकले। इसी तरह मलकाना के दो केंद्रों पर तथा मंडई के दो केंद्रों पर भी दलिया में कीड़े निकले।
बताया जाता है कि जो दलिया एनजीओ को दिया गया है, उसे वह लोग बिना साफ किए और धोये ही बच्चों के लिए बना रहे हैं, जिससे कीड़े उसमें नजर आते हैं। सोमवार को उपरोक्त केंद्रों पर बच्चों को परोसे गए दलिया में कीड़े देखकर बच्चों ने उसे खाने से मना कर दिया। सूचना पाकर बच्चों के अभिभावक भी पहुंचे और उन्होंने कीड़े युक्त दलिया को ले जाकर सीडीपीओ को दिखाया। आरोप है कि सीडीपीओ ने कहा कि जब एमडीएम एनजीओ सप्लाई कर रहा है, तो उन्हीं से शिकायत करें। इससे अभिभावकों में रोष व्याप्त है तमाम अभिभावकों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को भेजने से मना कर दिया है। इस बाबत सीडीपीओ शाहीन बानो ने बताया कि लोगों ने बनी दलिया दिखाई है, जिसमें कीड़े थे। वह इस बाबत जिला कार्यक्रम अधिकारी को लिखित सूचना भेजेंगी।