हरदोई। केेंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण को लेकर भले ही अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई हो, पर स्कूल का संचालन नए शैक्षिक सत्र से कराने को लेकर प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। केंद्रीय स्कूलों के लिए नया भवन बनाया जाना है, जिसमें अभी समय लग सकता है। ऐसे में केंद्रीय विद्यालय का अस्थाई भवन में संचालन कराया जा सकता है।
डीएम के निर्देश पर चकबंदी प्रशिक्षण संस्थान व जीआईसी भवन का निरीक्षण एसडीएम ने किया, जिसमें जीआईसी को उपयुक्त बताते हुए उन्हाेेंने सीडीओ को संचालन को प्रस्ताव भेज दिया है। बच्चों को बेहतर और मुफ्त शिक्षा मुहैया कराने को केंद्र सरकार ने जिले में भी केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृति दे दी। केंद्रीय विद्यालय का संचालन करने को नवीन भवन का निर्माण कराया जाना है, पर जमीन को लेकर थोड़ा सामंजस्य नहीं बन पा रहा है। जिसको लेकर कुछ दिनों पहले लखनऊ से आई टीम ने भी भवन के निर्माण के संबंध में शहर के अंदर जमीन तलाश कर विद्यालय संचालन कराने के निर्देश दिए।
फिलहाल अभी तो केंद्रीय विद्यालय के लिए भवन का निर्माण कराया जाना है, पर उम्मीद है कि नवीन शिक्षा सत्र से विद्यालय का संचालन करवा दिया जाए। जिसको लेकर ही अब स्कूल संचालन को अस्थायी भवन की तलाश की जा रही है। ज्ञात हो कि डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर पप्पू गुप्ता ने दो सरकारी भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने पहले चकबंदी प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया। जिसमें 8-10 कमरे खाली तो मिले, पर वह अत्यंत छोटे बने हुए हैं। उन्हाेंने चकबंदी प्रशिक्षण संस्थान को स्कूल संचालन के लिए अनुपयुक्त ठहरा दिया। एसडीएम ने इसके बाद राजकीय इंटर कालेज का निरीक्षण किया। जहां एक भवन का निर्माण कार्य होना बताया तथा दूसरे भवन में स्थान मिलने की बात कही।
जीआईसी प्रधानाचार्य ने भी केंद्रीय विद्यालय संचालन के लिए स्थान होने की बात कही। एसडीएम ने जीआईसी के भवन में अस्थाई विद्यालय संचालन का प्रस्ताव कर सीडीओ को पत्र भेज दिया। ऐसे में अब जीआईसी में विद्यालय का अस्थाई संचालन कराया जा सकता है।