हरदोई/बिलग्राम। लोस चुनाव-2014 को लेकर हरदोई सीट के लिए नामांकन शनिवार से शुरू होगा। जिसको लेकर प्रशासनिक तैयारियों को पूरा करने का दावा शुक्रवार देर शाम कर दिया गया। बड़े अफसरों का कहना है कि नामांकन प्रक्रि या को लेकर कलक्ट्रेट के इर्द गिर्द बैरीकेडिंग कर दी गई है, तो शनिवार को इसके इर्द गिर्द मार्गों पर आवागमन को रोक दिया जाएगा।
इसके अलावा प्रत्याशियों और अफसरों के कलक्ट्रेट आने वाले गेटों को अलग-अलग चिह्नित कर दिया गया है। छह चरणों मेें कराए जाने वाले चुनावों में जिले की दो सीटों पर निर्वाचन तीसरे व चौथे चरण में संपन्न कराया जाएगा। तीसरे चरण के निर्वाचन की शुरुआत 29 मार्च से हो रही है। यानी चुनावी महापर्व की विधिवत शुरुआत शनिवार से होने जा रही है। नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने को लेकर शुक्रवार को सरकारी मशीनरी व्यवस्था में ही व्यस्त रही। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंघल ने बताया कि कलक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। हरदोई लोकसभा सीट के लिए आरओ डीएम और मिश्रिख सीट के लिए आरओ की भूमिका में सीडीओ वियोधन नजर आएंगे।
नामांकन कैमरे की जद में होगा। कैमरा नामांकन कक्ष में होगा और पूरी निगाह रखेगा। 29 मार्च से शुरू होने वाला नामांकन पांच अप्रैल तक किया जा सकेगा, जो हर कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। कलक्ट्रेट के दोनों प्रवेश द्वारा पर दो एसओ व सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी चौराहा, सोल्जर बोर्ड चौराहा पर बैरीकेडिंग की जाएगी। इसके आगे वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। इसके अलावा शहर के सिनेमा चौराहा, लखनऊ चुंगी, पिहानी चुंगी पर बाहर से प्रत्याशी के साथ आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने को पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रेक्षागृह के सामने, सोल्जर बोर्ड चौराहे एवं शहर में लखनऊ चुंगी, पिहानी चुंगी, सिनेमा चौराहा, नुमाइश चौराहे पर पुलिस बैरीकेडिंग होगी।
उधर, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के करीब 800 लाइसेंस धारकों को अल्टीमेटम दिया गया कि वह तीन दिन के भीतर अपने शस्त्र जमा कर दें, अन्यथा निरस्तीकरण की रिपोर्ट डीएम को भेज दी जाएगी। इसके अलावा 500 से अधिक लोगों पर निरोधात्मक कार्यवाहियों की जानकारी भी प्राप्त हुई। बिलग्राम के प्रभारी निरीक्षक ने स्टाफ की बैठक कर दारोगा और सिपाहियों को हिदायत दी कि अपने-अपने हल्कों में लाइसेंसधारियों के शस्त्रों को जमा कराना सुनिश्चित करा ले, अन्यथा तीन दिन के बाद शस्त्र न जमा करने वाले लाइसेंसधारियों की निरस्तीकरण रिपोर्ट बनाना शुरू कर दें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का भ्रमण करके एक बार शस्त्रधारियों को यह चेतावनी भी दें। इसके अलावा कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि अब तक निर्वाचन की तैयारियों में पुलिस ने 550 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है। 40 को मिनी गुंडा एक्ट और चार पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई। पांच स्थानों से अवैध शराब की भट्ठियां उजाड़ी गई और आरोपियों को जेल भेजा गया है। वांछित लोगों को अभियान चलाकर पकड़ा जा रहा है।
इंसेट---
हरदोई लोस सीट का निर्वाचन कार्यक्रम---
नामांकन की शुरुआत-29 मार्च, नामांकन की अंतिम तिथि-5 अप्रैल, नामांकन पत्रों की जांच-7 अप्रैल, नाम वापसी की अंतिम तिथि-9 अप्रैल, मतदान-24 अप्रैल, मतगणना-16 मई
इंसेट---
मिश्रिख लोस सीट का निर्वाचन कार्यक्रम---
नामांकन की शुरुआत-2 अप्रैल, नामांकन की अंतिम तिथि-9 अप्रैल, नामांकन पत्रों की जांच-10 अप्रैल, नाम वापसी की अंतिम तिथि-12 अप्रैल, मतदान-30 अप्रैल, मतगणना-16 मई
इंसेट---
नामांकन को जाएं, तो यह तैयारियां करें---
सोल्जर बोर्ड वाले गेट से मिलेगा प्रवेश
हरदोई। प्रत्याशियों व उनके प्रस्तावकों के जुलूस को तो सोल्जर बोर्ड पर ही रोक लिया जाएगा। इसके आगे कलक्ट्रेट के मुख्य गेट से प्रत्याशी व उनके प्रस्तावकों को इंट्री दी जाएगी। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी की तरफ वाले गेट से प्रेक्षक और आरओ की गाड़ियाें को प्रवेश दिया जाएगा।
इंसेट
चार सेटों में दाखिल कर सकता नामांकन
हरदोई। दावेदार इस बात की तैयारी कर नामांकन कराने जाएं कि शपथ पत्र स्टांप पेपर पर नोटैराइज होना चाहिए और उसके सारे कालम भरे होने चाहिए। उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले एक बार भरे गए विवरणों को देख लेना चाहिए।
इंसेट---
25 हजार जमा करनी होगी जमानत राशि
हरदोई। सामान्य जाति के उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि जहां 25 हजार रुपये रखी गई है, वहीं एसटी/एसटी उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि आधी रखी गई है। यानी बारह हजार पांच सौ रुपये रखी गई है। नामांकन के समय जमानत राशि जमा की रसीद संलग्न करनी होगी।
इंसेट---
निर्दलीयों को लाने होंगे दस प्रस्तावक
हरदोई। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय दलों के उम्मीदवारों को एक प्रस्तावक तथा गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए 10 प्रस्तावकों की जरूरत होगी। उम्मीदवार देश के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से मतदाता हो सकता है, परंतु उसे वोटर सूची का उद्धरण दाखिल करना होगा। उम्मीदवार के प्रस्तावक व प्रस्तावकों को उसी क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए जिस क्षेत्र से उम्मीदवार नामांकन भर रहा है।
इंसेट---
फार्म ए और बी भी जमा करना होगा
हरदोई। राजनीतिक दलों द्वारा खड़े किए गए उम्मीदवारों को फार्म ए तथा बी दाखिल करना होगा। फार्म बी नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिनांक के तीन बजे तक दाखिल करना होगा। आयोग द्वारा यह भी उम्मीदवारों के लिए निर्देशित किया गया कि भरे नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले एक बार भरे विवरणों को अवश्य देख ले। उम्मीदवारों द्वारा दाखिल शपथ पत्र रिटर्निंग आफीसर के कार्यालय में नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया जाएगा।
इंसेट---
एआरओ दफ्तर तक जाएंगे सिर्फ तीन वाहन
हरदोई। नामांकन दाखिल करने के लिए आरओ व एआरओ के कार्यालय के समीप 100 मीटर के अंदर केवल तीन वाहन ले जाए सकते हैं। ज्यादा वाहन ले जाने पर आचार संहिता का पूर्ण उल्लंघन माना जाएगा।
इंसेट---
आरओ कक्ष में सिर्फ पांच की हो सकेगी इंट्री
हरदोई। निर्वाचन आयोग ने नामांकन के समय की स्थितियों को भी साफ करते हुए कहा कि आरओ कक्ष में उम्मीदवार सहित केवल पांच व्यक्ति उपस्थित रह सकते हैं। इनमें उम्मीदवार के अतिरिक्त प्रस्तावक, निर्वाचक एजेंट एवं अन्य दो व्यक्ति शामिल होंगे।
इंसेट---
नामांकन के बाद यह जान ले प्रत्याशी---
इंसेट
40 की बजाए 70 लाख कर सकेंगे खर्च
हरदोई। लोकसभा प्रत्याशियों को 40 लाख के बजाए 70 लाख तक खर्च करने की अनुमति होगी। यह खर्च बाकायदा प्रत्याशी को दर्शाना होगा, नहीं तो कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
इंसेट---
20 हजार से ज्यादा नगद भुगतान न करें नेताजी
हरदोई। प्रतिदिन का ब्योरा रजिस्टर पर दर्ज करना होगा। 20 हजार तक नगद तो भुगतान कर सकते हैं, शेष भुगतान चेक के माध्यम से ही करना होगा।
इंसेट
स्टार प्रचारक का आधा खर्चा भी जुड़ेगा
हरदोई। यदि कोई प्रत्याशी स्टार प्रचारक के साथ हेलीकाप्टर में आता है या उसके साथ मंच साझा करता है, तो उस स्टार प्रचारक का आधा खर्चा प्रत्याशी के व्यय लेखे में जोड़ा जाएगा। मुद्रित कराई जाने वाली प्रचार सामग्री में मुद्रक का नाम, पता तथा मुद्रित प्रतियां अवश्य लिखी हो।
इंसेट---
यह टीमें रखेगी नजर---
सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी समिति, वीडियो अवलोकन समिति, लेखा समिति, मीडिया प्रमाणन समिति, अनुवीक्षण समिति, उड़न दस्ता, स्थायी निगरानी समिति, व्यय अनुवीक्षण टीम, उड़न दस्ता टीम
इंसेट---
एकल खिड़की पर मिलेगी सभी अनुमतियां
हरदोई। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा एकल खिड़की की व्यवस्था वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के कक्ष में स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर नोडल अधिकारी उप संचालक चकबंदी उर्मिला देवी को बनाया गया है। पार्टी प्रत्याशियों को वाहन, जुलूस, जनसभा, हेलीकाप्टर आदि सभी अनुमतियां यहां आवेदन करने से मिलेगी।
इंसेट---
नुक्कड़ नाटक से किया वोटरों को जागरूक
बिलग्राम। तहसीलदार के संयोजन में लोक कलाकार रामबाबू की मंडली द्वारा पुराने तहसीलदार के आवास के सामने वोटरों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें वोट डालने के लिए जागरूक किया गया। बीते वर्ष 09 के लोस चुनाव में मतदान के कम प्रतिशत के चलते तहसील के अधिकारी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर संभव उपाय कर रहे हैं। शुक्रवार को नुक्कड़ नाटक में मंचन करते हुए बताया कि मात्र पुरुष ही नहीं, बल्कि घर की महिलाओें को भी मतदान के दिन बूथ पर लाकर सभी का अपनी मर्जी से चुने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराना होगा। इस दौरान तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, कोतवाल श्याम बहादुर सिंह भी मौजूद थे।