अतरौली (हरदोई)। थानाक्षेत्र में युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सुबह ग्रामीणों को मिला। पुलिस ने युवक को सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे परिजन अपने साथ ले गए।
गोमती किनारे हर्रैया से बड़सरा वाले रास्ते पर शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने युवक को बेहोशी की हालत में देखा। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखे गए। हर्रैया गांव के लोग युवक को गांव उठा लाए और अलाव जला होश में लाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। होश में आने पर युवक ने पता बताने की कोशिश की। युवक की पहचान आजाद नगर मड़ियाव क्षेत्र लखनऊ निवासी कन्ने के रूप में की गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी पर भर्ती करा परिजनों को सूचना दी। युवक को उठाकर उसके परिजन लखनऊ चले गए। युवक के पिता इकबाल ने किसी अनहोनी की बात कही है। एसओ बीपी यादव ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।