हरदोई। भरखनी की ग्राम पंचायत कमालपुर में मनरेगा में धांधली बरते जाने का आरोप लगाकर कांग्रेस मनरेगा निगरानी समिति के बैनर तले ग्रामीणों द्वारा सोमवार को कलक्ट्रेट में शुरू किया गया धरना चौथे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक न्याय नहीं मिल जाता।
समिति के चेयरमैन डा. राजीव सिंह ने कहा कि इस ग्राम पंचायत में वित्तीय वर्ष 10-11 , 11-12, 12-13 एवं 13-14 की सोशल आडिट नेशनल मानीटर टीम कराने की जरूरत है। वहां पर जिम्मेदारों द्वारा ही जमकर धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। कहा कि इसके अलावा मनरेगा जाब कार्ड धारकों के जाब कार्ड और उनकी पास बुक को ग्राम प्रधान के चंगुल से लाभार्थियों को वापस किया जाए। ग्राम पंचायत के पीड़ित ग्रामीणों को न्याय दिलवाने को और अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन को बल प्रदान करने के लिए डा. कुमार वैभव, सचिव उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस ने अपना समर्थन देने की बात कही है।
इस मौके पर सीडीओ को एक ज्ञापन भी दिया गया, जिसमें ग्राम पंचायत कमलापुर के अलावा ग्राम पंचायत असलिया, बघराई, कसमंडी व कनकापुर उबरिया की भी सोशन आडिट नेशनल मानीटर से कराने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर मिथिलेश सिंह चौहान, साधू सिंह, सुखसागर मिश्र, ओमेंद्र वर्मा आदि मौजूद थे।