हरदोई। लोहिया आवासों का निरीक्षण सूबे के सीएम कर सकते हैं। सीएम ने पत्र भेजकर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बने लोहिया आवासों का निरीक्षण करने की इच्छा जताई है। अगले माह जिले में संभावित दौरे को लेकर अफसर भी सतर्क हो गए और ज्यादा लोहिया आवासों वाले पांच समग्र ग्रामों का चयन कर उनमें मॉडल दर्जे का लोहिया आवासों का निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।
सूबे की सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने को डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना शुरू की है, जिसमें विभागों की योजनाओं का संचालन तो किया जा रहा साथ ही समग्र ग्रामों के गरीब बेसहारा लोगों को सूबे की सरकार ने आवास भी दिए हैं। योजना में गरीबों को सूबे की सरकार ने न सिर्फ आवास दिए, बल्कि साज सज्जा को भी धनराशि दी जाएगी। लोहिया आवास सूबे के लिए ड्रीम आवास की संज्ञा भी दी जा रही है। जिसको लेकर शासन-प्रशासन के अफसर भी आवासों का निर्माण कराने में जोर दिए हैं। ज्ञात हो कि योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 12-13 में सामान्य वर्ग के लिए 1185 तथा अनुसूचित जाति को 703 आवास दिए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 13-14 में जिसमें सामान्य के लिए 1908 तथा अनुसूचित जाति के लिए 1222 आवास दिए गए हैं। योजना में जहां एक ओर गरीबों को आवास मुहैया कराए जा रहे, वहीं आवासों की मानीटरिंग भी हो रही है। ऐसे में अब सीएम खुद ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आवासों की मानीटिरंग करेंगे। जिले में दोनों वित्तीय वर्षों में पात्रों को दिए गए आवासों में से सीएम किन्हीं एक या दो समग्र ग्रामों में जाकर लोहिया आवासों का निरीक्षण कर सकते हैं। ज्ञात हो कि सीएम अखिलेश यादव ने स्वयं पत्र भेजकर लोहिया आवासों का निरीक्षण करने की इच्छा जताई है, जबकि अगले माह मुख्यमंत्री का जिले में संभावित दौरा भी हो सकता है।
अब पत्र आने के बाद अधिकारी सतर्क हो गए हैं और ज्यादा लोहिया आवासों वाले समग्र ग्रामों को चिह्नित कर बेहतर कार्य शुरू करा दिया गया।
इंसेट---
‘सीएम ने किन्हीं एक या दो ग्रामाें में लोहिया आवासों को देखने की इच्छा जताई है। ऐसे में परियोजना निदेशक डीआरडीए को कम से कम पांच समग्र ग्रामों का चयन करने का निर्देश दे दिया गया है।’ वियोधन, सीडीओ