हरदोई। शहीद उद्यान में पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में उत्तराखंड के केदारनाथ में आई आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा शांति हेतु यज्ञ किया गया। उधर, रविवार को शहर में शोक सभाएं की गईं, जबकि कुटुंब समाज सेवा समिति ने सीएम राहत कोष में सहायता राशि भेजने की बात कही।
यज्ञ का शुभारंभ सुबह सात बजे शुरू हुआ, जिसकी पूर्णाहुति करीब डेढ़ घंटे बाद हुई। यज्ञ करते हुए योग टीचर हरिवंश सिंह, कमल किशोर वर्मा, हरिगोविंद, महा सिंह, राकेश भदौरिया, रामबाबू सक्सेना, हरिनाथ सिंह, युवराज सिंह, अमरनाथ वर्मा, राजेश सिंह, इंद्रपाल सिंह, मुंशीलाल यादव, अनुराधा सिंह, प्रतिभा गुप्ता, सरस्वती, रामवती, मालती, बीडी शुक्ला, हरीशंकर पांडेय आदि ने मृतकों की आत्मा शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने को ईश्वर से प्रार्थना की। उधर, कुटुंब समाज सेवा समिति ने बैठक कर शोक सभा की। समिति सदस्य दिवाकर बाजपेयी के निवास स्थान पर हुई बैठक में सदस्यों ने मृतकों के लिए दो मिनट का मौन रखा।
उन्हाेंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस घटना में कईयों ने अपनों को खो दिया। सदस्यों ने प्रदेश सरकार से मृतकों को 10 लाख का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही सीएम राहत कोष में समिति की ओर से धनराशि देने की बात कही। इस दौरान वेद प्रकाश अवस्थी, राम कुमार तिवारी, रमाकांत अवस्थी, संदीप बाजपेयी, नितिन मिश्रा, चंदन तिवारी, अवध बिहारी आदि मौजूद थे। प्रगतिनगर में हरिश्चंद्र विकलांग वृद्ध निराश्रित जन सेवा समिति की बैठक में मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश अध्यक्ष हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि सैलाब में मृतकों की आत्मा को शांति मिले साथ ही परिजनों को भी दुख सहन करने की शक्ति प्राप्त हो।
शिव मोहन शुक्ला ने सेना द्वारा एक लाख से ज्यादा लोगों की जान बचाने पर धन्यवाद दिया। बैठक में मिथिलेश शुक्ला, भूपेंद्र, मुकेश दीक्षित, मनोज, छोटी बिटिया व जय प्रकाश आदि मौजूद थे।