पिहानी/मल्लावां/शाहाबाद (हरदोई)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार लोगों की मौत हो गई। पिहानी क्षेत्र के पिस्तिया गांव में जहां एक नवविवाहिता की आग से झुलस कर मौत हो गई, वहीं मल्लावां क्षेत्र के गांव मल्हारन पुरवा में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई, जबकि शाहाबाद। क्षेत्र में एक बाइक सवार ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, पिहानी क्षेत्र के गांव महोलिया में एक व्यक्ति ने पत्नी के मायके जाने से खफा हो तालाब में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पिस्तिया गांव निवासी कमलेश ने सप्ताह भर पहले ही शाहाबाद के अख्तियारपुर गांव निवासी नत्थू की पुत्री देवी के साथ कोर्ट मैरिज की थी। गुरुवार को देवी घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी कि अचानक उठी लपट से उसके कपड़ों मेें आग लग गई, जिससे उसकी उसकी मौत हो गई। सूचना पर मृतका के पिता नत्थू समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उधर, मल्लावां क्षेत्र के गांव मल्हारन पुरवा निवासी रामकृष्ण के पुत्र नेकराम (35) की बीती रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव मल्लावां-मेंहदीघाट मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी पतावर की मड़ैया के अंदर मिला।
नेकराम की शिवरानी ने बताया कि उसका पुत्र पिछले 15 दिनों से घर नहीं आ रहा था और वह गांव के बाहर स्थित खेत में रह रहा था। उसने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर, शाहाबाद क्षेत्र में गुरुवार की देर रात एक बाइक सवार ने आंक्षी के पास युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी बाइक बेकाबू होकर गिर पड़ी। हादसे में पैदल जा रहा युवक खुर्शीद (25) निवासी शाहाबाद और बाइक सवार कमलेश (22) निवासी दरियापुर विक्कू गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान खुर्शीद की मौत हो गई। उधर, पिहानीक्षेत्र के गांव महोलिया निवासी निरंकार पुत्र खुशीराम का विवाह पिछले वर्ष ही बाऊली गांव निवासी बिटाना के साथ हुआ था।
पांच माह पहले ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे खफा होकर पत्नी बिटाना मायक चली गई और वहीं रह रही है। इससे निरंकार परेशान रहता था। गुरुवार को क्षुब्ध होकर निरंकार ने तालाब में छलांग लगा दी। लोगों ने जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।