हरदोई। समता पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में शनिवार को रंगारंग कार्यक्रम हुए। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर लोगों से जमकर तालियां बटोंरी। विद्यालय में नाट्य, नाटिका व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने प्रतिभाओं का जादू बिखेरा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित भी किया।
गुलामऊ कौढ़ा स्थित समता पब्लिक स्कूल के तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। बच्चों ने कार्यक्रमों की शुरूआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से की। नन्हें मुन्ने बच्चों समेत छात्र छात्राओं ने कला व हुनर का प्रदर्शन किया। छोटे-छोटे बच्चों ने अभिनय गीत चंदा चमके चम चम गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया जिसे लोगों ने खूब सराहा। वहीं वेश परिवर्तन प्रतियोगिता में नन्हें मुन्ने की आकर्षक रूपों ने तो लोगों को दांतो तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर दिया। बेटी आई शीर्षक का नाटक और बड़ा सताया बड़ी मटकी फोड़ी गीत पर भावपूर्ण नृत्य, चिंता ता चिता चिता गीत पर बच्चों की प्रस्तुति काफी मनोहारी रही। देशभक्ति गीत भारत माता की जय पर नृत्य, राधा कृष्ण नृत्य, नृत्य गीत, नाटक तीन बेटियां व डांडिया नृत्य ने तालियां बटोरी। रंगारंग कार्र्यक्रमों के बाद मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रतिभा को सराहते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक शिक्षिकाओं को प्रोत्साहित किया। साथ ही समता ग्रामीण विकास संस्थान की ओर से हाईस्कूल में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली तीन छात्राओं को शहीद बचान सिंह स्मृति मेधा पुरस्कार दिया। प्रथम पुरस्कार सरिता वर्मा, द्वितीय साधना तिवारी व तृतीय निशा देवी को मिला। विद्यालय प्रबंधक उदय कुमार सिंह ने उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में संरक्षक मुनिराज सिंह, सुरेश पाल सिंह, क्रीड़ाध्यापक सोम, वीर बहादुर सिंह, राज कुमार सिंह, नसिम, पवन सिंह, हर्षवर्धन सिंह, श्याम मोहन शुक्ला व विक्रम लाल वर्मा आदि मौजूद रहे।